आम बजट के साथ ही पेश होने वाले रेल बजट से यात्रियों को बड़ी उम्मीदें हैं। आगरा के लोगों का कहना है कि ट्रेनों में रिजर्वेशन (आरक्षित सीट) मिलने में खासी कठिनाई आती है। आम यात्रियों को आसानी से रिजर्वेशन मिले।
स्लीपर कोचों की संख्या बढ़ाई जाए। ट्रेनों में खानपान की क्वालिटी में भी सुधार की जरूरत है। यात्री परामर्शदात्री समिति के सदस्यों का कहना है कि किराये में वृद्धि नहीं होनी चाहिए। आगरा को बनारस और लखनऊ के लिए सीधी ट्रेनें मिलनी चाहिए।
ट्रेनों में स्लीपर कोच बढ़ाएं
शहीद नगर के मनीष शर्मा ने कहा कि ट्रेनों में त्योहारी सीजन में रिजर्वेशन कराना टेढ़ी खीर होता है। तत्काल कोटे से भी कई दफा टिकट नहीं मिल पाता है। ऐसी स्थिति में व्यस्त ट्रेनों में स्लीपर और साधारण कोच भी बढ़ाए जाने चाहिए। ट्रेनों में दिए जाने वाले खानपान की गुणवत्ता में सुधार होना चाहिए।
छोटे स्टेशनों पर बढ़े ठहराव
दैनिक यात्री मोहम्मद अरशद ने कहा कि ट्रेनों का ठहराव बिल्लोचपुरा, ईदगाह जैसे स्टेशनों पर बहुत कम दिया जाता है। छोटे स्टेशनों पर ट्रेनों का एक मिनट का ठहराव दिया जाए। स्टेशनों पर सुविधाओं की कमी है। ट्रेनों में सुरक्षा की ओर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।