आगरा के संजय प्लेस में जियान इंटरनेशनल और होली इंटरनेशनल कंपनियों के ऑफिस खोलकर विदेशों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पश्चिम बंगाल के छह लोगों से 4.86 लाख रुपये की ठगी की। कंपनी के दो संचालकों ने अन्य बेरोजगार युवकों से भी कुवैत में नौकरी दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करके लाखों रुपये ले लिए। मामले में थाना हरीपर्वत में दो लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कराया गया है।
दर्ज कराई एफआईआर
पूर्वा मेदनीपुर, नंदीग्राम, पश्चिम बंगाल के पूर्ण मैत्री ने दर्ज कराई एफआईआर में कहा है कि उन्होंने कुवैत में नौैकरी के लिए जियान इंटरनेशनल व होली इंटरनेशनल के विज्ञापन देखकर इनके मालिक संजय से फोन पर बातचीत की थी। उन्होंने वीजा और टिकट उपलब्ध कराने की बात कही। इसके बाद मैत्री ने अपने दूसरे साथियों दिनेश दास, भूषण धारा, प्रशांत मंडल, इमरान हुसैन, जहांगीर हुसैन, हसन उल्ला मौला, हफीज उल रहमान के साथ संजय प्लेस स्थित कंपनी के ऑफिस पहुंचे। यहां कंपनी के पार्टनर रोशनलाल जैन मिले।
ये भी पढ़ें - UP: करणी सेना ने पीछे किए कदम, 12 अप्रैल को नहीं होगी रक्त स्वाभिमान रैली; वीडियो जारी कर बताई ये वजह
ऑनलाइन भुगतान करना हुआ तय
उन्होंने बताया कि संजय काम से मुंबई गए हैं। इसके बाद संजय से फोन पर बात की। उन्होंने अपने मूल पासपोर्ट जमा करके एडवांस में 10 हजार रुपये जमा कराए। 27 हजार रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से ऑनलाइन भुगतान करना तय हुआ। हमें रसीद दी गई। सभी ने राजू शमी के खाते में ऑनलाइन 4,86,000 रुपये का भुगतान किया। जब कई माह तक वीजा और टिकट आदि नहीं आए तो कंपनी के नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की।
ऑफिस खाली करके भागे
मोबाइल बंद जा रहे थे। इसके बाद आगरा पहुंचकर देखा तो कंपनी के लोग ऑफिस खाली करके जा चुके थे। आगरा में धोखाधड़ी के शिकार हुए अन्य लोग भी मिले, जिनमें बिहार के रहने वाले कालीचरण गुप्ता मनीष कुमार, अजीत कुमार, विजय कुमार, संजय कुमार, रामकुमार पटेल आदि शामिल थे।
ये भी पढ़ें - UP: आगरा-जलेसर-एटा हाईवे का रास्ता हुआ साफ, सीईसी ने की पेड़ काटने की सिफारिश; सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई
पुलिस ने जांच की शुरू
वहीं यूपी के रामप्रकाश पटेल, साजन कुमार से भी 40 से 45 हजार रुपये वसूले गए थे। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एसीपी का कहना है कि आरोपियों के नंबरों के आधार पर साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।