कासगंज। थाना ढोलना क्षेत्र में रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को ट्रैक्टर मार कर गिरा दिया। इसके बाद चाचा के साथ मारपीट करते हुए उसे गोली मार दी। इस बीच भतीजा मौका मिलने पर वहां से भाग निकलने में कामयाब रहा। इस मामले में परिजन ने गांव के ही चार युवकों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना ढोलना क्षेत्र के गांव छिचौरा निवासी देवेंद्र (35) पुत्र नरेश अपने भतीजे लक्ष्मण सिंह पुत्र ब्रजेश के साथ बृहस्पतिवार की शाम ढोलना स्थित बाजार से सामान लेकर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। आरोप है कि नगला भूड़ के निकट पहुंचने पर पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही युवक सत्यभान ने अपने ट्रैक्टर से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सहित चाचा-भतीजे जमीन पर गिर गए। इसके बाद सत्यभान सहित चार युवकों ने दोनों चाचा-भतीजे की लाठी-डंडो से जमकर पिटाई लगाई। भतीजे लक्ष्मण सिंह ने आरोप लगाया कि उन दोनों को गांव के ही सत्यभान, अखिलेश, संदीप और अनिल ने लाठी-डंडों से जमकर पीटा। उसका आरोप है कि चाचा देवेंद्र की आरोपियों ने दो गोलियां मारकर हत्या कर दी।
वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहे। घटना की जानकारी उसने परिजन एवं पुलिस को सूचना दी। मौके पर एएसपी राजेश भारती व सीओ सिटी आंचल चौहान पहुंचे। यहां उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक परिजन ने तहरीर नहीं दी थी। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि प्रथमदृष्टया जांच में गोली मारने जैसा प्रतीत नहीं हो रहा है। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अभी परिजन ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।