आगरा। अंडर-19 बालिका इंटर जोनल चैंपियनशिप का बृहस्पतिवार को चाहर क्रिकेट एकेडमी मैदान पर आगाज हुआ। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 120 महिला क्रिकेटर शामिल हो रही हैं। उनका लक्ष्य चयनकर्ताओं को प्रभावित कर भविष्य की दावेदारी मजबूत करना है। पहले दिन ही खिलाड़ियों में कड़ी प्रतिस्पर्धा और जीत का जज्बा दिखा।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों को छह टीमों में बांटा गया है। इनमें आपसी मुकाबले कराए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, हाथरस, अलीगढ़, मैनपुरी, हापुड़ और नोएडा की खिलाड़ी भाग ले रही हैं। संयुक्त सचिव और पूर्व रणजी खिलाड़ी सर्वेश भटनागर ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया जा रहा है।
मुकाबले रोजाना सुबह आठ बजे से शुरू हो रहे हैं। चाहर क्रिकेट एकेडमी के दो मैदानों पर प्रतिदिन दो-दो मैच खेले जा रहे हैं। पहले दिन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में शानदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार को भी दो मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।