आगरा-ग्वालियर हाईवे पर सिकंदरपुर के पास एक कार का टायर फटने से वह डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही कार से टकरा गई। भीषण टक्कर के बाद दोनों कारें पलट गईं, जिसमें सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया।
आगरा-ग्वालियर हाईवे पर बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने महिला सहित तीन को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया निवासी उर्मिला तिवारी अपनी कार से परिवार के साथ आगरा की ओर से अपने गांव दतिया-झांसी के लिए रवाना हुई थीं। सुबह लगभग 5:55 बजे, जब उनकी कार आगरा-ग्वालियर हाईवे पर सिकंदरपुर के पास पहुंची, तभी अचानक सामने से आ रही एक कार का टायर फट गया। टायर फटने से कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर फांदकर विपरीत दिशा से आ रही उर्मिला तिवारी की कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें सड़क पर पलट गईं। इस दुर्घटना में दोनों कारों में सवार लगभग आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर जमा हो गए और फंसे हुए लोगों को निकालने का प्रयास शुरू कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को तुरंत उपचार के लिए एस एन हॉस्पिटल और सी एच सी सैंया ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को एस एन हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है।
विज्ञापन
घायलों की पहचान
दुर्घटना में घायल हुए लोगों में मध्य प्रदेश के दतिया निवासी उर्मिला तिवारी, विवेक तिवारी और श्रीमती लाठी तिवारी शामिल हैं। वहीं, राजस्थान के धौलपुर जनपद के थाना सैफऊ निवासी मनमोहन, रोहित शर्मा, रिंकू शर्मा और अन्य कार सवार भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग परीक्षा देने के लिए आगरा की ओर जा रहे थे। इन घायलों में महिला सहित तीन की मौत हो गई।