ऑनलाइन ठगी के आरोपी दो युवक गिरफ्तार
- दो लाख रुपये भी हुए बरामद, एसपी ने की प्रेसवार्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कस्बा करहल के रहने वाले एक युवक से ऑनलाइन ठगी करने वाले दो साइबर ठग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए। बुधवार को एसपी ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। बताया कि कब्जे से दो लाख रुपये की नकदी, वारदात में प्रयुक्त मोबाइल आदि बरामद हुआ है।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि करहल के गांव निनौली निवासी अश्विनी कुमार के साथ ऑनलाइन ठगी की वारदात हुई थी। साइबर ठग ने खाते से 4.29 लाख रुपये निकाल लिए थे। इसका मुकदमा करहल थाने में दर्ज कराया गया था। जांच साइबर थाना पुलिस को सौंपी गई थी। इस वारदात के संबंध में बुधवार को विशाल कुमार निवासी कस्तूरबा नगर शाहदरा दिल्ली और नितिन सिंह निवासी न्यू विश्वास नगर शाहदरा दिल्ली को बुझिया पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में विशाल ने बताया कि वह अपने नंबर से पेटीएम खाता बना रहा था। लेकिन उक्त नंबर पर पहले से पेटीएम खाता बना हुआ था। उस खाते को उसने कई नंबर डाल कर आखिरकार चालू कर लिया। उसने अपने साथी नितिन के साथ मिलकर उक्त खाते से 4.29 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। उन रुपयों से अपना खर्च और शौक पूरे किए। एसपी ने बताया कि पकडे़ गए आरोपियों के कब्जे से खाते से निकाली गई धनराशि में से दो लाख रुपये बरामद हुए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त मोबाइल और सिम भी पुलिस ने जब्त कर ली है।