एक ही पल में खुशियां मातम में बदल गईं। बेटा होने की खुशी में घर जा रहे एक युवक की हादसे में मौत हो गई। मृतक गुरुग्राम से मोटर साइकिल से निकला था। रास्ते में कई दोस्तों से बात भी हुई। सभी से कहा कि पापा बन गया, बेटा हुआ है। उसे देखने घर जा रहा है। लेकिन, होनी को कुछ और ही मंजूर था।
भरतपुर के नगला हाथीपुरा (चिकसाना) निवासी हरीशचंद्र (24) पुत्र दुर्ग सिंह गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। गुरुवार सुबह उसे परिवार वालों ने बताया कि उसकी पत्नी को प्रसव पीड़ा के बाद भरतपुर के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। यह सुनकर हरीशचंद्र दोपहर बाद गुरुग्राम से निकल पड़ा।
रास्ते में ही उसे बेटे पैदा होने की सूचना मिल गई। इस पर हरीशचंद्र ने अपने कई दोस्तों से भी बात की। कहा कि वह पापा बन गया है। बेटा पैदा हुआ है। घर जा रहा है। पहले वह गोवर्धन में अपनी बुआ से मिलने पहुंचा था। बाइक सवार हरीशचंद्र जब थाना मगोर्रा के गांव पुरा के पास पहुंचा तो किसी वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।