जगदीशपुरा के केशव कुंज में शराब पीने के बाद दो मजदूरों की हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने तक दोनों दम तोड़ चुके थे। माना जा रहा है कि दोनों की मौत शराब पीने से हुई है। शराब जहरीली थी या उसमें कुछ जहरीला पदार्थ मिलाया गया, इसकी जांच की जा रही है। मृतक रिश्ते में साढ़ू हैं।
मध्य प्रदेश के छतरपुर, गोलगंज निवासी राजू (28) और धनीराम (30) तीन महीने पहले आगरा में मजदूरी करने आए थे। राजू के घर में पत्नी बबली और दो बच्चे हैं। धनीराम की पत्नी आशा और तीन बेटियां हैं। ये सभी प्रताप नगर स्थित केशव कुंज में निर्माणाधीन कोठी में रहते हैं। आशा ने पुलिस को बताया कि शाम करीब सात बजे धनीराम को ठेकेदार रवि का भतीजा लखन घर से बुलाकर ले गया था। धनीराम बाजार से सब्जी लाने की बात कहकर निकल गया। कुछ देर बाद वह राजू के घर गया। दोनों ने शराब पी। कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ी और वे गिर पड़े। बबली ने फोन करके ठेकेदार रवि को बताया और लोगों की मदद से राजू और धनीराम को एसएन इमरजेंसी लेकर पहुंचीं। यहां डाक्टरों ने मजदूरों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर एसपी सिटी समीर सौरभ फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से पूछताछ की। एसपी सिटी ने बताया कि अभी यह साफ नहीं हो सका है कि दोनों मजदूरों का मौत का कारण शराब है या फिर जहर, इसकी जांच की जा रही है। शराब किस ठेके से खरीदी गई यह भी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत मेें ले लिया है। लखन की तलाश की जा रही है।