फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: कुएं में जान गंवाने वाली बिट्टू के गम में नहीं जले दो गांवों में चूल्हे, ईश्वर ने दीं दो बेटियां, एक को सिस्टम की लापरवाही ने छीना, 70 फीट गहरे कुएं में गिरने से गई थी मासूम बिट्टू की जान

विज्ञापन
विज्ञापन
बाह। जैतपुर के गोपालपुरा गांव में बृहस्पतिवार की शाम खेलते समय 70 फीट गहरे कुएं में गिर कर 4 साल की मासूम बिट्टू की मौत हो गई थी। परिजन का गुस्सा फूटने पर तीन घंटे बाद उसे बाहर निकाला जा सका था। सिस्टम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए मृतका के पिता सौरभ तिवारी ने कहा कि ईश्वर ने उनको दो बेटियां दी थी, एक को सिस्टम की लापरवाही ने छीन लिया। उन्होंने जैतपुर थाने में लापरवाहों के खिलाफ तहरीर दी है, ताकि भविष्य में किसी और बिट्टू की सिस्टम की लापरवाही से जान नहीं जा पाए।
विज्ञापन

5 साल पहले अरांव फिरोजाबाद के पीतमपुर सरैया गांव के सौरभ तिवारी की शादी जैतपुर के गोपालपुरा गांव की हेमा के साथ हुई थी। 4 साल पहले हेमा ने जुड़वा बेटियों बिट्टू और किट्टू को जन्म देकर घर के आंगन में खुशियां बिखेरी थीं। हेमा अपने पिता अनिल कटारा के घर गोपालपुरा बृहस्पतिवार को एकादशी उद्यापन में शामिल होने के लिए दोनों बेटियों और पति के साथ आई थीं। बिट्टू और किट्टू कुएं के पास खेल रही थीं। खेलते समय प्लाई बोर्ड से ढके 70 फीट गहरे कुएं में बिट्टू गिर गई। किट्टू के शोर मचाने पर पहुंचे परिजन ने अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया। थाने में दी तहरीर में सौरभ तिवारी ने कहा है कि 3 घंटे तक बिट्टू को निकालने के लिए कुएं में गैस की वजह से अग्निशमन कर्मी नहीं उतरे। एक मात्र गैस सिलिंडर होने की बात कहकर अग्निशमन कर्मियों ने हाथ खड़े कर दिए। बाह कचौराघाट मार्ग जाम किए जाने पर अग्निशमन कर्मी 3 घंटे में ऑक्सीजन सिलिंडर जुटाने के बाद कुएं में उतरने को तैयार हुए। यदि समय रहते बिट्टू को निकाल लिया गया होता, तो उसकी जान बच जाती। कुएं से निकालने के बाद भी एंबुलेंस में बिट्टू को ऑक्सीजन पर नहीं रखा गया। बिना बताए अस्पताल से एंबुलेंस से ले जाने को लेकर भी उन्होंने गुस्सा जताया है। ग्रामीणों ने एंबुलेंस रोक कर शव कार्रवाई तक न उठने का एलान किया। डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, एसडीएम बाह विनोद कुमार, एसीपी बाह हरेकृष्ण शर्मा, तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ आदि से तकरार के बाद कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन माने। एसओ जैतपुर ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।



इंसेट
रुला रहा बिट्टू का मुस्कराता चेहरा
- गोपालपुरा के कुएं में गिर कर मरी 4 साल की बिट्टू का तस्वीर में मुस्कराता चेहरा देखने वालों को रुला रहा था। यही बोल रहा था कि समय पर बिट्टू को निकाल लिया जाता, तो उसकी जान बच जाती। जिम्मेदारों को लेकर शुक्रवार को दूसरे दिन भी परिवार गम और गुस्से में दिखे। बृहस्पतिवार देर रात बिना पोस्टमार्टम के परिजन बिट्टू का शव फिरोजाबाद के पीतमपुर सरैया गांव ले गए। शुक्रवार सुबह गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। कुएं में गिरने से बिट्टू की मौत पर जैतपुर के गोपालपुरा गांव एवं फिरोजाबाद के पीतमपुर सरैया गांव शोक में डूबे रहे। शुक्रवार को दोनों गांवों में चूल्हे तक नहीं जले। बिट्टू की मौत से मां हेमा एवं परिवार के लोग बेसुध पड़े हैं। तस्वीर में उसका मुस्कराता चेहरा परिजनों को रुला रहा था। वहीं गोपालपुरा में अनिल कटारा के घर में मातम पसरा हुआ है।
विज्ञापन

इंसेट



दरोगा बना रहा था वीडियो
- बिट्टू के कुएं में गिरने के बाद उसे निकालने के लिए परिवार और गांव के लोग जुटे हुए थे। अग्निशमन कर्मियों के कुएं में उतरने का परिवार इंतजार कर रहा था। मौके पर जुटी भीड़ का एक दरोगा वीडियो बना रहा था। जिस पर परिजन सुनील कटारा और श्रीभगवान कटारा भड़क गए। उन्होंने बच्ची को निकालने की बजाय वीडियो बनाने पर दरोगा को खूब खरी-खोटी सुनाईं। पुलिस के रवैये को लेकर परिजन गुस्से में दिखे। अग्निशमन कर्मियों की लापरवाही को लेकर भी पूरा गांव आक्रोशित था। जनाक्रोश अस्पताल में तब फूटा, जब बिना बताए एंबुलेंस से पुलिस शव को ले जाने लगी। सुनील कटारा से लेकर सौरभ तिवारी तक बिट्टू की मौत के लिए अग्निशमन और पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें