एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि थाना रसूलपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोढा से जमालपुर और मोतीनगर जाने वाले तिराहे के पास पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आसिफ नामक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी योगेंद्र कुमार उर्फ अर्जुन को मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान आसिफ निवासी गली नंबर- सात रसूलपुर टंकी के पास पुराना रसूलपुर हाल निवासी किराये का मकान लेबर कॉलोनी वेस्ट ग्लास के पास थाना लाइनपार तथा योगेंद्र कुमार उर्फ अर्जुन निवासी गांव जरौली ऊधी मोड के पास इटावा हाल निवासी नवी खां किराये के मकान में डोरी गांव बछगांव चौराहा थाना नारखी क्षेत्र के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद कीं, जिनमें दो बाइक हाल ही में रसूलपुर थाने में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित निकलीं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए। आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय थे और इनके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी आसिफ पर आर्म्स एक्ट समेत चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं योगेंद्र के खिलाफ भी वाहन चोरी के मामले दर्ज पाए गए हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक विमल कुमार, जितेंद्र कुमार, निशांत कुमार सहित थाना रसूलपुर की टीम शामिल रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।