करहल। ट्रैक्टर चोरी की वारदात अंजाम देने वाले फिरोजाबाद के रहने वाले दो शातिर चोरों को करहल पुलिस ने बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से गांव मीठेपुर निवासी एक किसान का चोरी गया ट्रैक्टर बरामद हुआ। पूछताछ करने पर कई अन्य वारदात करने की बात भी कबूल की। सीओ ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।
सीओ करहल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 9 मई को गांव मीठेपुर निवासी किसानव राजेश कुमार का ट्रैक्टर चोरी हो गया था। इसका मुकदमा थाने में दर्ज कराया था। बुधवार की रात प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी टीम के साथ एक सूचना पर कठफोरी की ओर जाने वाले रास्ते आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर मौजूद थे। तभी मार्ग से गुजर रहे एक ट्रैक्टर को पुलिस कर्मियों ने पकड़़ लिया और चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। लोगों ने अपने नाम मंतोष निवासी नगला भजन अऔर सत्यप्रकाश निवासी गांव महलई जनपद फिरोजाबाद बताया। पूछताछ करने पर ट्रैक्टर चोरी का अपराध कबूल किया। बताया कि चोरी में उनके साथ अभिषेक निवासी किशनपुर जनपद एटा भी था। एक ट्रैक्टर जसवंत नगर से चोरी किया था। जिसे रिश्तेदार लालू उर्फ अजय ने अपने साथी राजेश उर्फ सुनील निवासी गांव गुदाऊ फिरोजाबाद, जैकी उर्फ भूरा गांव टिकिया से मिलकर बेच दिया। आज वह लोग उक्त ट्रैक्टर को भी बेचने के लिए जा रहे थे।