राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत समीक्षा बैठक में मौजूद चिकित्सक और सीएमओ। स्रोत विभाग
कुसमरा। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनी के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमरा और इलावांस का निरीक्षण किया। दो स्टाफ नर्स की तैनाती के बाद भी एक महीने में मात्र दो प्रसव कराए जाने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। सीएमओ ने 24 घंटे संस्थागत प्रसव के लिए स्टाफ नर्स के उपलब्ध रहने के निर्देश चिकित्साधीक्षक को दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमरा पर निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। डॉ. संजीव कुमार ने 19 मरीजों को उपचार दिया था। अर्चना कुमारी एएनएम ने 16 बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया था, स्टाफ नर्स नेहा कुमारी और अर्चना कुमारी दो स्टाफ नर्स यहां पर तैनात थी उनके द्वारा पिछले महीने केवल तीन प्रसव करना बताया गया जो लक्ष्य के सापेक्ष काफी कम था। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा पर प्रसव की संख्या हर हाल में बढ़ाई जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय कुमार भदौरिया से लेबर रूम की व्यवस्थाएं सुधारने को कहा। सीएमओ ने सभी खिड़की दरवाजों पर पर्दे एवं रंगाई-पुताई के साथ लेबर रूम में हीटर लगवाने के निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इलावांस में सभी स्टाफ मौके पर उपस्थित था। सीएमओ ने यहां सफाई व्यवस्था और बेहतर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय रवींद्र सिंह गौर प्रभारी जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।