आगरा। कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार को जीआरपी ने गांजा की तस्करी करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनसे तीन लाख रुपये कीमत का 30 किलो गांजा बरामद किया गया। वह ओडिसा से लेकर आए थे। आगरा में सप्लाई करने वाले थे। इससे पहले ही जीआरपी ने पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक रेलवे मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि आरोपी ओडिसा के जिला गजपति स्थित चांदीपुट निवासी मुन्ना नायक और बुल्लू लीमा हैं। उनसे बैग में गांजा बरामद किया गया। वह आगरा कैंट के प्लेटफार्म नंबर चार और पांच पर मिले। उन्होंने बताया कि पांच-पांच हजार रुपये में गांजा की सप्लाई देने आगरा आए थे। इसे स्टेशन के बाहर पहुंचाना था।