खेरागढ़। थाना क्षेत्र के गांव महमदगढ़ में शनिवार की रात चोरों ने एक मकान में नकब लगाकर चोरी की। घर के पीछे की दीवार काटकर घुसे चोर 85 हजार रुपये, सोने-चांदी के गहने और अन्य सामान उठा ले गए। पीड़ित परिवार को सुबह चोरी की जानकारी हुई। भुक्तभोगी ने घटना की तहरीर थाने में दी है।
महमदगढ़ गांव निवासी डंबर सिंह ने पुलिस को बताया कि वे शनिवार की रात कमरे के बाहर सोए थे। रात में चोर घर के पीछे की तरफ की दीवार काटकर कमरे में घुस गए। घर में रखा 85 हजार रुपये, सोने-चांदी के गहने, घरेलू आटा चक्की समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह सोकर उठने पर कमरे में बिखरा सामान, नकब लगी देख उन्हें घटना की जानकारी हुई। घर में चोरी होने की सूचना लगते ही गांववाले जुट गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर खेरागढ़ थाने में दी है। वहीं घटना से लोगों में दहशत है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर में 85 हजार की नकदी, गहने और अन्य सामान चोरी होना लिखा गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। चोरों का पता लगाया जा रहा है।