घिरोर पुलिस द्वारा पकडे गए गांजा तस्कर।
मैनपुरी। थाना घिरोर पुलिस ने कस्बा चौराहे से रविवार को दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब 40 किलो गांजा बरामद हुआ। एसपी ने प्रेसवार्ता कर बताया कि बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है। उनके खिलाफ घिरोर थाने में केस दर्ज करने के बाद जेल भेजा गया है।
पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि रविवार को स्थानीय पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी शक होने पर जब एक बाइक सवार दो युवकों को प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह ने रुकने का इशारा किया तो वह लोग भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कस्बा चौराहे के पास संदिग्धों को पकड़ लिया। जब उनके पास मिले बोरे को खोल कर देखा तो उसमें गांजा भरा हुआ था। पूछताछ करने पर मादक पदार्थ तस्करों ने अपने नाम बिजेंद्र गुर्जर निवासी मोराका थाना नगर भरतपुर राजस्थान और विजय राम निवासी रनोता भरतपुर राजस्थान बताया। एसपी ने बताया कि इनके कब्जे से बरामद हुआ गांजा करीब 40 किलो है। जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है। तस्करों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलीं हैं। जिन पर भी पुलिस टीम काम कर रही है। मादक पदार्थ तस्करी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने के बाद चालान कर जेल भेजा गया है। प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास भी मौजूद रहे।