कासगंज। थाना ढोलना पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई के दौरान दो अफीम तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों आरोपियों के पास से 500 ग्राम अफीम बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 500 ग्राम अफीम की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये है। आरोपी जनपद में अफीम की तस्करी करते थे।
पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार दुबे के पर्यवेक्षण में मादक द्रव्यों के तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। थाना पुलिस और एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार की देर रात दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। शनिवार देर रात थाना ढोलना पुलिस और एसओजी हजारा नहर पुल के पास चेकिंग अभियान चला रही थी।
इस दौरान दो लोगों को पुलिस ने रोका तो वह घबराने लगे। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मोहनलाल, विकास बाबू निवासी गांव गढौली थाना मिरहची, एटा बताया। तलाशी में आरोपियों के पास से 500 ग्राम अफीम बरामद की गई। अफीम की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वह बरेली, पीलीभीत और राजस्थान से अफीम लाकर जनपद में इसकी तस्करी करते थे। पुलिस आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की है।
पड़ोसी जनपदों तक फैला अवैध तस्करी का जाल
अफीम तस्करों की गिरफ्तारी में क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान, ढोलना थाना प्रभारी राजुकमार और एसओजी प्रभारी मुकेश कुमार मय पुलिस टीम शामिल रहे। एसओजी प्रभारी और ढोलना थाना प्रभारी ने बताया कि सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह पड़ोसी जनपद एटा, फरुर्खाबाद, बदांयू में भी अफीम की तस्करी करते थे। टीम को पूछताछ में कुछ अहम सुराग हासिल हुए हैं। पुलिस तथ्यों की सघनता से जांच कर रही है। जनपद में फैले अवैध मादक द्रव्यों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में इससे मदद मिलेगी।