आगरा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) यमुना नदी पर पौने दो करोड़ रुपये की लागत से पोइया घाट से खंदौली और तनौरा नूरपुर व सुरैरा के बीच दो पान्टून पुल का निर्माण करेगा। राज्य योजना (ग्रामीण) के तहत शासन ने दोनों पुलों के निर्माण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। पोइया घाट पर पांटून पुल बनने से खंदौली की दूरी घट जाएगी, वहीं इन दोनों पुलों के बन जाने से यमुना के दोनाें ओर के करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
पोइया घाट पर पांटून पुल बनने से शहर से खंदौली के रास्ते हाथरस और अलीगढ़ के बीच आने-जाने का वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। वर्तमान में लोगों को रामबाग से टेढ़ी बगिया होते हुए 15 किमी से ज्यादा का सफर कर खंदौली जाना पड़ता है। पांटून पुल के बन जाने पर खंदौली तक पोइया घाट से महज तीन किमी की दूरी रह जाएगी। पुल के बनने से दोपहिया, पैदल व हल्के छोटे वाहनों को लाभ होगा। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी यमुना नदी पर तनौरा नूरपुर एवं सुरैरा के बीच पुल का निर्माण करेगा। इसके लिए 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
एत्मादपुर से विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने बताया कि दोनों पुलों के लिए लंबे समय से प्रयास किया जा रहा था। इन पुलों के बनने से करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ होगा। भगवान टॉकीज चौराहे से खंदौली की ओर जाने का सीधा रास्ता मिलने से खंदौली ब्लॉक के गांवों के लोगों को शहर आने में आसानी होगी। मथुरा से अलीगढ़-हाथरस की ओर जाने वालों को भी सुविधा होगी। इसके अलावा बरौली अहीर ब्लॉक के भी हजारों लोगों को यमुना की दूसरी ओर जाने के लिए कई किलोमीटर का सफर कम तय करना होगा।