वर्ल्ड स्कूल गेम्स में हिस्सा लेने गए हैं
19 को लौटना है, रद चल रही हैं फ्लाइटें
जिले के दो जिमनास्ट और एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के उप क्रीड़ाधिकारी तुर्की में फंसे हैं। ये वर्ल्ड स्कूल गेम्स में हिस्सा लेने गए हैं। तुर्की में तख्तापलट के लिए चल रहे बवाल के चलते उड़ानें रद हैं। टीम की 19 जुलाई को भारत लौटने के लिए इस्तांबुल से फ्लाइट है। सभी महफूज जरूर हैं, पर टेंशन में हैं। टीवी पर समाचार देख खिलाड़ियों और कोच के परिवारीजन और जानने वाले भी परेशान हैं।
अमर उजाला से फोन पर बातचीत में उप क्रीड़ाधिकारी अरविंद यादव ने बताया कि जिस स्थान पर हिंसा हुई है, उससे वह 1200 किलोमीटर दूरी पर हैं। सभी सुरक्षित हैं, पर ध्यान समाचारों पर है। आगरा के जिमनास्ट गौरव कुमार और अग्निवेश पांडेय के मुकाबले हो चुके हैं। संभावना जताई जा रही है कि रविवार से हवाई सेवा बहाल हो जाएगी। अरविंद यादव से लोग फेसबुक और व्हाट्स एप पर हाल पूछ रहे हैं।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अजय कुमार सेठी ने उप क्रीड़ाधिकारी अरविंद यादव से फेसबुक पर तुर्की का हाल पूछा है। बता दें कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की टीम में विभिन्न खेलों के कुल 198 खिलाड़ी नौ और 10 जुलाई को तुर्की के लिए रवाना हुए। यूपी की ओर से आगरा के जिमनास्ट गौरव कुमार और अग्निवेश पांडेय भी गए हैं। दोनों डीवीएसएस खालसा इंटर कालेज के छात्र हैं। उप क्रीड़ाधिकारी बतौर जिमनास्टिक कोच उनके साथ हैं। वर्ल्ड स्कूल गेम्स में दोनों खिलाड़ी कुछ प्वाइंट से ही पदक से चूके हैं।