बेवर। गांव छबीलेपुर में सोमवार रात शादी समारोह के दौरान डीजे पर फरमाइशी गाने के लिए हंगामा हो गया। मारपीट में महिला सहित दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
गांव छबीलेपुर में सोमवार रात को गांव निवासी खुशीराम की पुत्री की बरात आई थी। द्वाराचार के बाद वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान डीजे पर फरमाइश का गाना बजाने के लिए गांव के युवकों का विवाद हो गया। विरोध करने पर उनके बीच मारपीट होने लगी। इससे समारोह स्थल पर अफरा तफरी मच गई। बीच बचाव करने आई फर्रुखाबाद के गांव करथिया निवासी पिंटू की पत्नी श्वेता घायल हो गईं। भाई करन भी चोटिल हो गया, घायल श्वेता का उपचार सीएचसी में चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, मारपीट करने वाले युवकों की तलाश की जा रही है।