खंदौली (आगरा)। आगरा-हाथरस मार्ग पर शनिवार की शाम करीब पांच बजे खंदौली के बगल घूंसा गांव के समीप बाइक और एक्टिवा की टक्कर हो गई। हादसे में लोहामंडी, आगरा निवासी राजेंद्र सिंह (62) और हाथरस के विनय प्रकाश (22) की मौत हो गई। जबकि महिला समेत दो लोग घायल हो गए।
थाना खंदौली के एसओ विपिन कुमार गौतम ने बताया कि शनिवार की शाम राजउद्दीन (18) और विनय प्रकाश (22) निवासी गढ़ी रति का नगला, बसई बाबर जिला हाथरस बाइक से आगरा की ओर जा रहे थे। वहीं आगरा की ओर से एक्टिवा से लोहामंडी, आगरा निवासी राजेंद्र सिंह अपनी बेटी नेहा (25) पत्नी सुमित कुमार निवासी बुध विहार, दिल्ली को लेकर एक्टिवा से किसी काम से अलीगढ़ जा रहे थे।
खंदौली क्षेत्र के बगल घूंसा गांव के समीप बाइक और एक्टिवा में टक्कर हो गई। हादसे मे चारों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान विनय और राजेंद्र की मौत हो गई। जबकि राजउद्दीन और नेहा की हालत गंभीर बताई जा रही है।