सोमवार दोपहर ग्राम खडगपुर, थाना मनियां राजस्थान निवासी राजपति गांव के अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर ग्राम बड़ा गांव थाना मनियां, राजस्थान निवासी हरीओम के घर में गमी मे शामिल होने गये थे। सायं 5 बजे सभी ट्रैक्टर ट्राली से वापिस लौट रहे थे।
सैंया-खेरागढ़ मार्ग पर ग्राम जोधापुरा के पास अचानक सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास मे ट्राली असंतुलित होकर पलट गयी। साथ चल रही बाइक भी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गयी। ट्राली पलटते ही चीख पुकार मच गयी। ट्राली मे महिलाएं अधिक थीं।
ग्राम जोधापुरा से ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने ट्राली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर एसएचओ उपेन्द्र श्रीवास्तव पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी भेजा। हॉस्पीटल में घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
पुलिस ने बताया कि सपना पत्नी छत्रपाल निवासी ग्राम पहाड़ी, मरैना, राजस्थान व एक अज्ञात महिला की मौत हुई है। मृतका सपना बाइक पर थी। सीएचसी प्रभारी डॉ ऋषिगोपाल ने बताया कि दो महिलाओं की मौत हुई है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एसएन हॉस्पीटल रैफर कर दिया है।
ये लोग हुए घायल
घायलों में बंगाली, बिज्जो, अर्सफी, पल्लवी, गोलादेवी, जयसिंह, राजपति, लालो, कमलादेवी, मयूरी देवी, सीमा, गुड्डी, सीमा, शारदा, श्यामवती, वीकेश, शामिल हैं।