जिला अस्पताल में भर्ती मरीज। संवाद
- फोटो : जिला अस्पताल में भर्ती मरीज। संवाद
मैनपुरी। सर्दी बच्चों और बुजुर्गों के लिए आफत बनी हुई है। निमोनिया और अस्थमा के मरीजों की लगातार मौत हो रही है। बुधवार को जिला अस्पताल पहुंची निमोनिया से पीड़ित दो माह की मासूम सहित दो मरीजों ने दम तोड़ दिया। पांच अन्य मरीजों को हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
पिछले 15 दिन से जिला अस्पताल में सर्दी जुकाम के साथ निमोनिया, अस्थमा और हार्ट के मरीजों की संख्या बढ़ी है। बुधवार को भी अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 955 मरीज उपचार के लिए पहुंचे इनमें सर्दी जुकाम के साथ, निमोनिया और अस्थमा के मरीजों की संख्या अधिक रही।
गांव अहिरवा निवासी दीक्षा (2 माह) पुत्री शिशुपाल को पिछले कुछ दिनों से सर्दी जुकाम के साथ निमोनिया की दिक्कत थी। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र में किला के पीछे निवासी साबिर अली (80) को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन ने बुधवार को गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना है कि बुजुर्ग को पहले सही पैरालाइसिस की समस्या थी। वहीं बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया था।