मैनपुरी।सर्दी के मौसम में जिले में सर्दी जनित बीमारियों ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। रविवार को जिला अस्पताल में बुखार, निमोनिया व हार्ट अटैक से तीन मरीजों की मौत हो गई। 19 मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया।
रविवार को ओपीडी का अवकाश होने के कारण सुबह से ही जिला अस्पताल की इमरजेंसी में में मरीजों की भीड़ रही। यहां 19 मरीजों को बुखार, कोल्ड डायरिया, अस्थमा, निमोनिया आदि से पीड़ित होने पर भर्ती कराया गया। शहर के मोहल्ला छपट्टी निवासी पंकज सिंह के दो माह के पुत्र कुनाल को दो दिन से निमोनिया की शिकायत थी। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। रविवार को गंभीर हालत में वे उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर के ही मोहल्ला सरावग्यान निवासी 65 वर्षीय सतीश चंद्र जैन रविवार की सुबह अपने घर पर थे कि अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ।
परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना था कि उन्हे हार्ट अटैक पड़ा है। राजस्थान के मुरलीपुर निवासी 62 वर्षीय रामकिशन यहां शहर में आगरा रोड पर अपनी रिश्तेदारी में आए हुए थे। पिछले दो दिन से उन्हें बुखार आ रहा था। रिश्तेदार उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ी तो वे उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इमरजेंसी में तीन मरीजों की मौत हुई है। तीनों मरीज मृत अवस्था में आए थे। परिजन उनका कहीं दूसरी जगह उपचार कराते रहे। यदि समय से जिला अस्पताल में आए होते तो उनकी जान बचाई जा सकती थी।
डॉ. आरके सागर, सीएमएस