मैनपुरी। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 644 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। दो मरीजों की सांस लेने में दिक्कत के चलते मौत हो गई जबकि तीन को मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
सर्वाधिक मरीज ओपीडी में फिजीशियन डॉ. धर्मेंद्र कुमार और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके शाक्य के पास पहुंचे। इनमें डायरिया और बुखार के मरीजों की संख्या अधिक थी। शहर के ओम नगर वंशीगोहरा निवासी दिलेअर सिंह 82 वर्ष को सांस लेने में दिक्कत के चलते बुधवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां देररात उनकी मौत हो गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव पडरिया निवासी छोटे की 76 वर्षीय पत्नी सुखरानी देवी को सांस लेने में दिक्कत के चलते बुधवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था यहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।