मैनपुरी। जिले में सांस लेने की दिक्कत से लगातार मौतें हो रही हैं। जिला अस्पताल में भर्ती दो और मरीजों ने सोमवार को दम तोड़ दिया। 13 मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि दो मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
भोगांव थाना क्षेत्र के गांव कमलपुर निवासी प्रमोद कुमार की 38 वर्षीय पत्नी सोमवती देवी को सांस लेने में दिक्कत होने पर चार दिन पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान सोमवार की सुबह उनकी मौत हो गई। कुबेरपुर निवासी 80 वर्षीय श्यामकरन सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। रविवार की रात परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान सोमवार को मौत हो गई। जिला अस्पताल में कुछ दिन की राहत के बाद फिर से मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिसके चलते अस्पताल में व्यवस्थाएं प्रभावित होने लगी हैं।