दिल्ली से आगरा के लिए बुकिंग पर लाए कार को दो बदमाशों ने इनर रिंग रोड पर तमंचे के बल पर लूटने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित विनोद कुमार निवासी नरेला, दिल्ली ने बताया कि रविवार को दो युवकों ने निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आगरा के लिए उसकी स्विफ्ट डिजायर कार को बुकिंग करके लाए थे। रविवार की रात एत्मादपुर (आगरा) के समीप इनर रिंग रोड पर पहुंचते ही उसे कार रोकने के लिए कहा।
पुलिस को देखकर चालक ने मचाया शोर
इसके बाद बदमाशों ने तमंचा सटाकर उसकी कार लूटने की कोशिश की। तभी वहां से गुजर रही पुलिस की गाड़ी को देखते ही उसने शोर मचा दिया। इस पर छलेसर चौकी के दरोगा ने वहां पहुंचकर दोनों युवकों को पकड़ लिया।
थाना प्रभारी एत्मादपुर अरुण कुमार बालियान ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम अनुरुद्ध और अंकित निवासी ग्राम यारा, थाना कठेरा, झांसी बताया है। बदमाशों के पास से तमंचा, कारतूस और 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।