परिजन अवधेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खैरगढ़ ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। अवधेश के भतीजे रामतीर्थ ने बताया कि सोमवार शाम चाचा ने भी शराब पी थी।
देर रात से ही अवधेश को भी उल्टियां हो रही थीं, लेकिन मंगलवार शाम तबियत ज्यादा खराब हो गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ शिकोहाबाद बल्देव सिंह खनेड़ा, एसएचओ मुस्तकीम अली सहित फोर्स गांव में पहुंच गई। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
संजू-नवीचंद्र नशे की हालत में घर आए थे
संजू के पिता विजयपाल उर्फ साधु सिंह यादव ने बताया कि सोमवार शाम छह बजे दोनों एक साथ घर लौटे थे। दोनों नशे की हालत में थे। रात में उल्टी होने पर गरम पानी के साथ दवा दी थी। सुबह दोनों की मौत हो गई। आशंका है कि शराब पीने से दोनों की मौत हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि शराब जहरीली थी।
ग्रामीणों ने बताया कि दिवाली 14 नवंबर को गांव के कमलेश (50) पुत्र जनक सिंह की भी इसी तरह से मौत हुई थी। वह भी शराब पीता था। दीपावली सुबह वह मृत हालत में मिला था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार करा दिया था।
गांव में बिकती है अवैध शराब, जहरीली होने की आशंका
गांव शेखपुरा में अवैध रूप से शराब की बिक्री का धंधा चलता है। आशंका है कि संजू और नवीचंद्र ने गांव से शराब खरीदकर पी। हालांकि मृतकों के परिजन कुछ खुलकर बताने को तैयार नहीं है लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सौ रुपये में चार पउआ शराब के बेचे जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शराब जहरीली हो सकती है और इसके पीने
से ही तीनों की मौत हुई हो।
एसपी ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि थाना खैरगढ़ के गांव शेखपुरा में तीन लोगों की मौत हुई है। जांच में सामने आया कि नवींचद्र, संजू यादव और अवधेश ने रात को शराब पी थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस टीम जांच कर रही है।
तबियत बिगड़ने पर एक युवक को सीएचसी पर लाया गया
शेखपुरा निवासी धर्मेंद्र (35) पुत्र श्रीचंद्र की भी मंगलवार शाम तबियत खराब हो गई। पुलिस ने धर्मेंद्र को भी इलाज के लिए सीएचसी पर भेजा। एसपी ग्रामीण राजेश कुमार के अनुसार गांव वालों से जानकारी मिली थी कि धर्मेंद्र ने भी शराब पी थी। तबियत खराब होने पर उसे सीएचसी पर भेजा था। अब उसकी हालत ठीक है।