कोरोना की थम रही रफ्तार, आठ मिले संक्रमित
पिछले 24 घंटे में जिले में मात्र आठ कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9735 पहुंच गई है। नए संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की लगातार मेहनत के कारण जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार कम होती जा रही है।
एक तरफ जहां कोरोना संक्रमित तेजी के साथ ठीक हो रहे हैं वहीं दूसरी तरफ नए कोरोना संक्रमितों की संख्या भी कम हुई है। पिछले 24 घंटे में शहर के मोहल्ला रामलीला मैदान में दो, रुई में एक और गांव गढिया सीलमपुर में चार कोरोना संक्रमित मिले। सीएमओ के निर्देश पर सभी को होम आइसोलेट किया गया है।
जिले में कोरोना से मौत का आंकड़ा भी कम हो गया है। पिछले चार दिन में मात्र एक कोरोना संक्रमित की मौत हुई है। सीएमओ ने जिले के लोगों से कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करने, घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाने और सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील की है।
41 लोगों का हुआ टीकाकरण
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डॉ. मुनेंद्र सिंह चौहान, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में बृहस्पतिवार को केंद्र पर कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए टीकाकरण किया गया। इस दौरान पीएचसी पर पहुंचे 41 लोगों को टीका लगाया गया।