कस्बे के गांव गढ़ी खांडेराव में देसी शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो
गई, जबकि तीन की हालत बिगड़ गई। उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मृतकों के परिवारीजनों का आरोप है कि जहरीली शराब पीने से दोनों की मौत
हुई है। पार्टी में शामिल दो लोगों ने आंखों की रोशनी प्रभावित होने की बात
कही है। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है।
एसपीआर (पूर्वी) का
कहना है कि दो ग्रामीणों की मौत जहरीली शराब से होने की पुष्टि नहीं हुई
है। दावत के बाद हालत बिगड़ी है। जांच की जा रही है। आबकारी विभाग की टीम
भी जांच के लिए पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि गढ़ी खांडेराव निवासी
गोरेलाल (40) गांव के बाहर स्थित मुर्गी फार्म पर चौकीदारी करता था।
ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार की रात को गोरेलाल ने फार्म पर दारू और
मुर्गे की पार्टी आयोजित की थी। इसमें गांव के सिद्धार्थ (40), मवासीलाल,
सौदान सिंह और हरिनाथ को बुलाया था।
बताते हैं कि यहां इन लोगों ने
देसी शराब का सेवन किया और चिकन खाया। इसके बाद सभी लोग फार्म में ही सो
गए। जब शुक्रवार सुबह तक घर नहीं लौटे तो उनके घरवाले उन्हें बेहोशी की
हालत में ही उठाकर घर ले आए। शुक्रवार की शाम छह बजे सभी की हालत बिगड़ने
लगी। वह उल्टी करने लगे। इस पर ग्रामीणों ने सभी को नजदीकी अस्पतालों में
भर्ती कराया। रात तकरीबन नौ बजे गोरेलाल और सिद्धार्थ की मौत हो गई।
ग्रामीण दोनों के शव गांव लेकर आ गए। सिद्धार्थ के घरवालों ने शराब के
जहरीली के चलते मौत होने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि जहरीली
शराब का सेवन करने से ही उसकी मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर देर
रात थाना पुलिस गांव में पहुंची गई थी। एसपीआरए पूर्वी केपी यादव का कहना
है कि दो लोगों की दावत खाने के बाद मौत हुई है। जहर शराब में था या खाने
में कोई विषाक्त पदार्थ था. इसकी जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट
से स्थिति साफ होगी।