कासगंज। कायमगंज रेलवे स्टेशन के समीप सीमित ऊंचाई वाले रास्ते का निर्माण किए जाने के कारण बुधवार दोपहर तक मेगा ब्लॉक लिया गया। इस कारण कानपुर ट्रैक पर बुधवार को दो दैनिक स्पेशल ट्रेनें नहीं दौड़ सकीं। इस दौरान मालगाड़ियां भी रद्द रहीं।
कासगंज जंक्शन स्टेशन से प्रतिदिन चार दैनिक सवारी स्पेशल ट्रेनें दौड़ रही हैं। हालांकि पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनें वाया कासगंज दौड़ती हैं। बुधवार को कासगंज-कानपुर ट्रैक पर मेगा ब्लॉक लिया गया। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक सीमित ऊंचाई वाले रास्ते का निर्माण कराया गया। इस कार्य अवधि में सिर्फ दो दैनिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन था।
हालांकि मेगा ब्लॉक के कारण रेलवे ने दोनों ट्रेनों को रद्द कर दिया। ट्रेन संख्या 05040 /05039 अप व डाउन ट्रेनें निरस्त रहीं। इसके साथ ही इस ट्रैक पर मालगाड़ियों भी रद्द रहीं।
कायमगंज रेलवे स्टेशन के समीप सीमित ऊंचाई वाले रेलमार्ग का निर्माण कराने के लिए मेगा ब्लॉक लिया गया था। इस कारण अप व डाउन दैनिक सवारी स्पेशल ट्रेन रद्द रहीं। दोपहर बाद संचालन के लिए ट्रैक बहाल कर दिया गया।
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ, रेलवे