मथुरा के थाना हाईवे के पुराने एआरटीओ कार्यालय के पास रविवार देर रात शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की कार को सामने से आती ईको कार ने टक्कर मार दी। इससे कार में सवार ममेरे भाइयों की मौत हो गई। तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। इधर, ममेरे भाई की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
थाना सदर बाजार के औरंगाबाद की केशवपुरम कॉलोनी निवासी मयंक (22), नरसीपुरम निवासी विष्णु (23) दोनों ममेरे भाई थे। दोनों अपने दोस्त दीपक के साथ रविवार देर रात मंडी चौराहे पर एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह में शामिल होने के बाद कार से घर लौट रहे थे। पुराने एआरटीओ कार्यालय के पास उनकी कार को सामने से आ रही ईको ने टक्कर मार दी।
पुलिस ने ईको गाड़ी को कब्जे में लिया
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस घायलों को अस्पताल लेकर आई। यहां पर डॉक्टरों ने मयंक और विष्णु को मृत घोषित कर दिया। दीपक का इलाज चल रहा है। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि घायल युवक का इलाज चल रहा है। ईको गाड़ी को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे दोनों भाई
हाईवे के पुराने एआरटीओ कार्यालय के पास सड़क हादसे में मारे गए ममेरे भाई मयंक और विष्णु के परिजनों ने बताया कि दोनों सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे थे। दोनों युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उधर, तीसरे घायल युवक दीपक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।