जलेसर थाना क्षेत्र के गांव खानपुर में बेटी की विदाई के दौरान रुपये लूटने की मची होड़ के दौरान छज्जा गिर गया। छह लोग दब गए जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई। चार अन्य घायल हैं। इससे भगदड़ मच गई।
जलेसर क्षेत्र के हाथरस मार्ग स्थिति खानपुर गांव निवासी महाराज सिंह की पुत्री विनीता का मंगलवार को विवाह हुआ था। बुधवार शाम बेटी की विदाई हो रही थी। दरवाजे पर महिलाएं और बच्चे खड़े थे। इसी दौरान वर पक्ष की ओर से किसी ने बीस के नोट की गड्डी न्योछावर कर लुटाने के लिए उड़ा दी। नोटों को लूटने के लिए बच्चों में होड़ मच गई। कुछ नोट दरवाजे के ऊपर के छज्जे की पटिया पर भी चले गए थे। उन्हें उठाने के लिए कुछ बच्चे पटिया पर चढ़े तो पटिया छज्जे सहित धसक गई और नीचे खड़े लोगों पर आ गिरी। इससे दरवाजे पर खड़े गांव के ज्ञान सिंह जाटव का पुत्र वित्ता व राजीव प्रजापति का पांच वर्षीय पुत्र पिलकुत और पुष्पा देवी पत्नी ज्ञान सिंह, रामकटोरी पत्नी नत्थी सिंह, ज्ञान सिंह पुत्र नत्थी सिंह, शीला देवी पत्नी श्रीचंद्र उसमें दब गए।
यह देख भगदड़ मच गई और आनन फानन लोगों ने पटिया हटाई, लेकिन तब तक दोनों मासूम वित्ता और पिलकुत की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। दोनों बच्चों की मौत के बाद शादी की खुशियां काफूर हो गईं। बच्चों की मां व अन्य परिजनों में चीत्कार मच गई। बच्चों की मां कई बार बेहोश होकर अपने लाड़लों को बुला रहीं थीं। पुलिस ने बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर एसडीएम अरुण कुमार व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया।