फोटो।मृतक फाइल फोटो विजेंद्र स्रोत परिजन,घटना की जानकारी के बाद घर पर विलाप करती महिलाएं
फतेहाबाद। फतेहाबाद-आगरा मार्ग पर बृहस्पतिवार रात शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे दो सगे भाइयों की बाइक में तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में छोटा भाई (दूल्हे के चाचा) की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई (दूल्हे का पिता) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में चीखपुकार मच गई। परिजन के मुताबिक, डाैकी थाना क्षेत्र के नगला भोज निवासी राजवीर वर्मा पुत्र लोंगीराम के बेटे की 15 जून को शादी है। बृहस्पतिवार को राजवीर अपने छोटे भाई विजेंद्र के साथ शादी के कार्ड बांटकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे थाना डौकी क्षेत्र के टंकी चौराहे के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजन दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने विजेंद्र (49) को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजवीर वर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस ने डंपर चालक समेत वाहन को पकड़ लिया। थानाध्यक्ष डौकी ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक सहित डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शादी वाले घर में मची चीख-पुकार
जिस घर में 15 जून को होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां बृहस्पतिवार रात अचानक मातम पसर गया। शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे चाचा की सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन के मुताबिक, परिवार में शादी को लेकर उत्साह का माहौल था। रिश्तेदारों को निमंत्रण देने का सिलसिला चल रहा था। इसी बीच हादसे की सूचना मिलते ही खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं शादी वाले घर में सन्नाटा पसर गया।