दो भाइयों की मौत के बाद गमजदां परिवार
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज जिले के गांव नगला माधव में संपत्ति विवाद को लेकर दो सगे भाई एक-दूसरे की जान के दुश्मन बन बैठे। शनिवार रात दोनों भाइयों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए। दोनों मृतकों के ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
थाना सहावर क्षेत्र के गांव नगला माधव निवासी डोरी लाल के बेटे कैलाश एवं राजवीर के बीच संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद था। विवाद के चलते शनिवार रात दोनों में संघर्ष हुआ। दोनों भाइयों के समर्थन में उनके ससुरालीजन आ गए। लाठी डंडों से शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक जा पहुंचा।
कई राउंड गोलियां चलीं। कैलाश पक्ष की ओर से चलाई गई गोली लगने से राजवीर (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल से अलीगढ़ ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। कैलाश (32) रात में लापता था। रविवार सुबह गांव के ही समीप खेत में उसका शव पड़ा मिला।