मोबाइल छिनैती में गिरफ्तार मान सिंह उर्फ लंगड़ा एवं शिवम
-भीड़ ने मुर्गा बनाकर डंडों से पीटकर किया था पुलिस के हवाले
बाह। आगरा इटावा स्टेट हाईवे पर बाह में ब्लॉक मुख्यालय के सामने मंगलवार को सरेराह सेवा निवृत्त बैंक कर्मी का मोबाइल छीन कर भागे बाइक सवार दो युवकों को भीड़ ने पकड़ लिया। दोनों को मुर्गा बना कर डंडों से पीटा था। मोबाइल और कवर में रखे दो हजार रुपये बरामद होने पर पुलिस के हवाले कर दिया था। दोनों को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया।
पकड़े गए छिनैती के आरोपी साहबनाका जालौन का मान सिंह उर्फ लंगड़ा एवं गिहार कॉलोनी सिरसागंज फिरोजाबाद का शिवम अपनी रिश्तेदारी बाह के विष्णुपुरा गांव में रह कर वारदात को अंजाम दे रहे थे। सेवा निवृत्त बैंक कर्मी बासौनी के बिचोला गांव के शंकर सिंह भदौरिया ने पुलिस को बताया कि 20 जनवरी को सुबह 11 बजे तहसील बाह में अपना जमीन संबंधी काम कराने के बाद पैदल टीचर्स कॉलोनी बाह जा रहा था। ब्लॉक के सामने पीछे से आए बाइक सवार दो युवकाें ने मोबाइल छीन लिया। मोबाइल के कवर में दो हजार रुपये रखे थे। छिनैती के बाद बाइक सवार बाह बस अड्डे की ओर भागे। राहगीर की बाइक से उनका पीछा किया तो गंज मोहल्ले की गली में घुस गये। चोर चोर का शोर मचाए जाने पर मोहल्ले के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। जालौन के मोहल्ला साहबनाका के मान सिंह उर्फ लंगड़ा के पास मोबाइल मिला। जबकि उसके साथी गिहार कॉलोनी सिरसागंज के शिवम के पास 2000 रुपये मिले। दोनों को पकड़ कर पुलिस को सौंपा था। शंकर सिंह भदौरिया की तहरीर पर पुलिस ने छिनैती का मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।