मैनपुरी में शराब की पेटियों से लदे कैंटर लूटकांड में पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। एसपी अजय शंकर राय ने मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि वारदात में बेव इंडस्ट्रीज अलीगढ़ में कार्यरत एक चालक भी शामिल था। उसी ने लुटेरों को इंडस्ट्रीज से ट्रक निकलने की मुखबिरी दी थी।
लुटेरों की तलाश में जुटे स्वाट टीम प्रभारी जोगेंद्र सिंह व प्रभारी निरीक्षक कुरावली शिवकुमार चौहान ने सोमवार की रात बोलेरो सवार धर्मवीर यादव निवासी गांव खंगारपुर थाना मिरहची एटा और बॉबी उर्फ योगेंद्र सिंह निवासी नगला झाल थाना जसराना जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने 20 पेटी शराब बोलेरो से तथा आरोपियों की निशानदेही पर शिकोहाबाद के आराध्या मैरिम होम से करीब 275 पेटी शराब बरामद की। बरामद शराब की कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही लूटा गया कैंटर इटावा-भिंड मार्ग पर फूप टोल प्लाजा के पास से बरामद किया।
एसपी ने बताया कि सुनील पुत्र चंद्रपाल निवासी करहला गोरवा थाना गोंडा बेव इंडस्ट्रीज अलीगढ़ में चालक है। उसने लुटेरों को ट्रक के इंडस्ट्रीज से निकलने के बारे में जानकारी दी थी। वारदात में सुरजीत यादव, अनुराग यादव, नेपाल यादव, भोला यादव, वीनेश यादव, वीनेश का दोस्त, सुनील निवासी करहला गोरवा अलीगढ़ के साथ मिलकर वारदात की। बाकी आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगी हुईं हैं।