एटा जिले में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर पहले बेहोश किया। इसके बाद दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाया गया। जिसे वायरल कर दिया गया। पीड़ित युवती ने थाना कोतवाली में अपनी ममेरी भाभी और आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोपी युवक फिरोजाबाद के मोहल्ला शीतल खां रोड का रहने वाला है। पुलिस ने फिरोजाबाद में छापा मारकर मंगलवार की सुबह दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक के मोबाइल में युवती के अश्लील वीडियो और फोटो भी मिले हैं।
पीड़ित युवती का कहना है कि आठ अगस्त 2020 को भाभी ने उसे अपने घर बुलाया था, वहां पर पहले से उसका भतीजा मौजूद था। आरोप है कि भाभी ने चाय में नशीला पदार्थ दे दिया था, इससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद युवक ने दुष्कर्म किया और भाभी ने वीडियो बना लिया।
इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवक ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब आरोपी की हरकतों से युवती परेशान हो गई तो उसके बुलाने पर जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने 19 फरवरी को उक्त वीडियो को वायरल कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार की सुबह दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के मोबाइल में युवती की अश्लील वीडियो और फोटो भी मिले हैं। आरोपी युवक और महिला को जेल भेज दिया है।