मथुरा से अर्द्ध सैनिक बल और पैरामिलिट्री फोर्स के कर्मियों की इन दिनों दिल्ली की दौड़ बढ़ गई है। हाईवे और एक्सप्रेस के टोल से इसका खुलासा हो रहा है। हाईवे पर हर रोज सैन्य बलों का पास दिखाकर 400 गाड़ियां निकलती हैं, जबकि एक्सप्रेसवे से 300 गाड़ियां जा रही हैं। वहीं, सैन्य बलों की इंटेलीजेंस को पता चला है कि कुछ लोग फर्जी कार्ड टोल पर इस्तेमाल कर रहे हैं। लिहाजा हर टोल पर जांच शुरू कराई जा रही है।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न राजमार्गों पर स्थापित टोल प्लाजा और एक्सप्रेसवे के प्लाजा से सड़क एवं परिवहन मंत्रालय को रिपोर्ट भेजी जा रही थी कि विभिन्न सुरक्षा बलों के आईकार्ड पर गाड़ी निकालने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसमें पुलिस फोर्स के अफसरों के नाम के कार्ड भी शामिल हैं।
वहीं आगरा-दिल्ली हाईवे के टोल पर सेना के नाम के फर्जी कार्ड दिखाकर गाड़ी निकालने की शिकायतें सेना की खुफिया विंग तक पहुंच रही थीं। लिहाजा महुअन टोल पर चेकिंग की, जिसमें 23 फर्जी पहचान पत्र पकड़े गए। लगातार चेकिंग कराई जा रही है।