मैनपुरी। शहर को जाम की समस्या से जल्द ही निजात मिलेगी। इसके लिए दक्षिणी बाईपास का निर्माण होगा। इस बाईपास की लंबाई 20 किमी होगी और निर्माण पर लागत 5950 लाख रुपये आएगी। इससे एक तरफ जहां शहर को जाम से निजात मिलेगी तो वहीं शहर विस्तार और रोजगार के भी नए द्वारा बाईपास निर्माण से खुलेंगे। 15 महीने के अंदर निर्माण कार्य पूरा कराना होगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शहर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए एक साल पहले शहर में बाईपास के लिए पहल की थी। उनकी पहल पर जिला प्रशासन ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को मंजूरी के लिए भेजा था। जिस पर शासन की मोहर लगने के साथ ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शहर में 20 किलोमीटर लंबे डबल लाइन दक्षिणी बाईपास को शहर के बाहर से होते हुए सूजापुर भदौरा तक बनाया जाएगा। इस बाईपास के जरिए आगरा और इटावा से आने वाले ऐसे वाहन जिन्हें शहर में नहीं आना है वे आसानी से आगे के रास्ते पर जा सकेंगे। इससे शहर में वाहनों का दबाव कम हो होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग ने शनिवार को इसके लिए निर्माण इकाइयों से टेंडर मांगा है। टेंडर प्रक्रिया में बताया गया है कि 15 महीने के अंदर निर्माण कार्य पूरा कराना होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब मैनपुरी आए थे तभी उन्होंने कह दिया था कि मैनपुरी का बाईपास बनेगा। अब बजट भी मंजूर हो गया है। इससे न केवल शहर को जाम से निजात मिलेगी बल्कि शहर का विस्तार
भी हो सकेगा।
- जयवीर सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री