टूंडला उपचुनावः रोड शो के दौरान नहीं हुआ सामाजिक दूरी का पालन
- फोटो : अमर उजाला
टूंडला (फिरोजाबाद) चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रविवार को सभी प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। बसपा और भाजपा प्रत्याशी ने रोड शो करते हुए शक्ति प्रदर्शन किया। रोड शो में आचार संहिता की धज्जियां उड़ गईं।
भाजपा प्रत्याशी प्रेमपाल धनगर और बसपा प्रत्याशी संजीव चक ने सैकड़ों समर्थकों के साथ रोड शो किया। जबकि अधिकतम 20 लोगों के शामिल होने की अनुमति थी साथ ही दोनों ही प्रत्याशियों के समर्थकों ने सोशल डिस्टेंस और मास्क का भी ध्यान नहीं रखा।
सुभाष चौराहे से लेकर दीपा का चौराहा तक जाम लगा रहा। रोड शो में एक बार में पांच गाड़ियां ही हो सकती हैं, इसके आधे घंटे बाद फिर नई पांच गाड़ियां शामिल हो सकती हैं। गाड़ियां में कम से कम दस फीट का अंतर भी होना चाहिए, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। गाड़ियों की आपस की दूरी का ध्यान नहीं रखा और गाड़ियों संख्या भी तय मानक से काफी अधिक रही।
हालांकि शाम पांच बजे से पहले ही दोनों प्रत्याशियों ने अपने रोड शो बंद कर दिए। इसके बाद प्रत्याशियों के समर्थक बिना शोर-शराबे के घर-घर जाकर जाति, समुदाय विशेष के प्रमुख लोगों से वोटरों को अपनी ओर करने में लगे रहे। चुनावी शोर थमने के बाद लोगों ने भी राहत की सांस ली है। इससे पूर्व प्रतिदिन सुबह से शाम तक प्रत्याशी व उनके समर्थक गलियों में ढोल-नगाड़े व नारेबाजी के साथ चुनाव प्रचार कर रहे थे।
रोड शो की अनुमति थी। इस दौरान आचार संहिता का पालन कराना पुलिस की जिम्मेदारी थी, मैं उस समय मीटिंग में फिरोजाबाद था। चुनाव प्रचार शाम पांच बजे बंद हो गया है। अब अगर कोई भी प्रत्याशी या समर्थक चुनाव प्रचार करता मिलता है तो उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। - राजेश कुमार सिंह, उपजिला निर्वाचन अधिकारी, टूंडला।
अनुमति के मुताबिक रोड शो निकाला गया है। हमने इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई है। अचार संहिता और कोविड-19 के नियमों का पालन कराया है। अगर कहीं उल्लंघन हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी। - देवेंद्र कुमार, सीओ टूंडला।