आगरा के रामबाग चाैराहे से टीएसआई का वायरलेस सेट, सरकारी फोन, रिफ्लेक्टर जैकेट और बेल्ट चोरी हो गई। यह सामान एक थैले में रखा हुआ था। चोर थैला ही उठाकर ले गया। इससे पुलिसकर्मी की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। वायरलेस सेट को थैले में क्यों रखा गया था? टीएसआई क्या कर रहे थे?
मंगलवार को रामबाग चौराहे पर टीएसआई सुरेंद्र शर्मा की ड्यूटी थी। उन्होंने चाैकी के पास बाइक खड़ी कर दी थी। सामने ही पुलिस बूथ बना है। ड्यूटी के दाैरान बूथ पर ही माैजूद थे। उन्होंने बाइक पर अपना थैला रख दिया, जिसमें वायरलेस सेट, बेल्ट, जैकेट और सरकारी फोन भी था। रात में वह बाइक पर आए तो थैला नहीं था। इधर उधर तलाश करने पर भी नहीं मिला। उन्होंने रात में पुलिस को सूचना दी।
सवाल उठ रहा है कि टीएसआई ने सेट को थैले में क्यों रखा। जैकेट और बेल्ट भी पहनी होनी चाहिए। चोर ने फायदा उठाकर पूरा बैग ही चोरी कर लिया। मामले में थाना एत्माद्दौला में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रामबाग चौराहे के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। चोरी के पीछे लापरवाही की बात भी सामने आ रही है।