मंडी में मतगणना की तैयारियों का निरीक्षण करते आईजी आगरा दीपक कुमार।
मैनपुरी। विधानसभा उपचुनाव के बाद मतगणना कार्य की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को आईजी आगरा जोन दीपक कुमार मैनपुरी पहुंचे। एसपी और एएसपी के साथ मंडी पहुंच कर व्यवस्था देखी। पुलिस लाइन में अधीनस्थों के साथ बैठक कर कहा कि जो भी बाधा पहुंचाने की कोशिश करेगा, वह सीधा जेल जाएगा। अराजकता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
आईजी आगरा जोन ने एसपी विनोद कुमार, एएसपी राहुल मिठास, अनिल कुमार सिंह के साथ मंडी परिसर पहुंच कर मतगणना के लिए बनाए गए पुलिस के सुरक्षा चक्र देखा। आईजी ने कहा कि मतगणना कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए नवीन मंडी परिसर में कोई भी अनधिकृत व्यक्ति प्रवेश न कर सके। यह व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित कर लें। यदि परिसर में कोई अराजक तत्व नहीं होगा तो मतगणना कार्य प्रभावित होने का खतरा भी नहीं होगा। मतगणना कार्य में कोई व्यवधान न डाल सके, इसको लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।
आईजी ने पुलिस लाइन में सभी प्रभारी निरीक्षकों के साथ बैठक कर क्षेत्रवार एक माह में दर्ज हुए अपराध व कार्रवाई का ब्यौरा तलब किया। सभी से कहा कि यदि क्षेत्र में कोई बड़ी घटना होती है तो उसका शीघ्रता से निस्तारण करना प्राथमिकता है। जो भी इस कार्य में लापरवाही करेगा। उसके खिलाफ कार्रवाई होना तय है। आईजी ने सभी से शुक्रवार को मतगणना की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा निर्देश दिए।