मैनपुरी। शहर के सड़कें हो या फिर हाईवे, सड़क किनारे वाहन दिन रात खड़े हुए नजर आ जाएंगे। कई बार सड़क किनारे खड़े वाहन हादसे का कारण भी बने, लेकिन अफसरों ने ध्यान नहीं दिया। फिरोजाबाद में भी हादसा खड़े ट्रक के कारण हुआ, इस पर भी मैनपुरी में अफसरों ने अभियान नहीं चलाया।
जिले से गुजरने वाले आगरा, इटावा, ग्वालियर-बरेली हाईवे और जीटी रोड पर जगह-जगह सड़क किनारे वाहन खड़े नजर आ जाएंगे। स्थिति यह है कि होटल और ढाबा पर रुकने वाले चालक भी वाहन को सड़क किनारे लाइन लगाकर खड़ा कर देते हैं। ये वाहन हादसे का कारण बनते हैं। बुधवार रात फिरोजाबाद में भी हादसा सड़क किनारे खड़े ट्रक की वजह से हुआ। इसके बाद भी मैनपुरी में अफसरों ने सबक नहीं लिया। बृहस्पतिवार को भी जगह-जगह वाहन सड़क किनारे खड़े नजर आए, लेकिन अफसरों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
यहां सड़क किनारे खड़े होते हैं वाहन
-हाईवे किनारे पडने वाले होटल और ढाबों के सामने
-करहल चौराहा पर इटावा रोड पर
-नवीन मंडी क्षेत्र और आगरा रोड पर
-बेवर, भोगांव और कुरावली जीटी रोड पर
-करहल रोड पर एफसीआई गोदाम के पास
करहल में है पुलिस का अतिक्रमण
इटावा-मैनपुरी फोरलेन हाईवे पर करहल थाना पुलिस ही अतिक्रमण किए हुए है। यहां एक्सीडेंटल वाहनों को थाने के ठीक सामने सड़क किनारे रखा गया है। इससे फोरलेन हाईवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस की ओर से आने वाले वाहनों के हादसे का शिकार होने की संभावना हर समय बनी रहती है।
यह हो सकती है व्यवस्था
सड़क किनारे खड़े वाहनों पर सहायक संभागीय परिवहन विभाग की ओर से चालान की कार्रवाई की जाए। साथ ही थाना पुलिस के साथ ही गश्ती पुलिस भी कार्रवाई करे तो वाहन चालकों की आदत को बदला जा सकता है।
केसहिस्ट्री- एक
नौ जनवरी की रात करहल थाना क्षेत्र के अंतर्गत घिरोर मार्ग पर नगला दानी के पास बाइक सवार दो युवक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए। सड़क पर गिरते ही युवकों को पीछे से आ रहे वाहन ने रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई।
केसहिस्ट्री- दो
छह फरवरी को किशनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जटपुरा के पास बरेली हाईवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक सवार युवक टकरा गया। हादसे में बाइक सवार विपिन कुमार निवासी महौली की मौत हो गई।
बोले लोग
वाहन चालक वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। ये वाहन हादसे का कारण बनते हैं। पुलिस और परिवहन विभाग को ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
-देवेंद्र सिंह
सड़क पर तेज रफ्तार गाड़ी को अचानक खड़ा वाहन सामने दिखने पर कंट्रोल करने में दिक्कत होती है। जरा सी चूक जानलेवा हो जाती है। फिर अफसर क्यों बेपरवाह हैं।
-बृजमोहन लाल
समय-समय पर ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाती है। थानाध्यक्षों को निर्देश दिए जाएंगे कि वह सड़क घेरकर खड़े होने वाले वाहनों पर कार्रवाई जारी रखें।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी।
हाईलाइट्स
1399 ट्रक मैनपुरी जिले में हैं पंजीकृत
821 मिनी ट्रक मैनपुरी जिले में हैं पंजीकृत
773 बसें मैनपुरी जिले में हैं पंजीकृत