आगरा के सिकंदरा के आवास विकास काॅलोनी निवासी युवक ने चालक को पश्चिम बंगाल माल देकर डिलीवरी के लिए भेजा। माल पहुंचाने के बाद चालक ट्रक लेकर नहीं लौटा। पुलिस से शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया। सुनवाई के बाद न्यायालय के आदेश पर सिकंदरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
आवास विकास काॅलोनी के सेक्टर 16 निवासी मोहित भारद्वाज ने पुलिस को बताया कि ट्रक चलाने के लिए हमीरपुर के एसके कामिल को रखा था। कामिल लगातार उन्हें मोबाइल दिलाने के लिए कह रहा था। उन्होंने तनख्वाह मिलने पर खुद ले लेने के लिए कहा। 2 मई को उन्होंने जूते ट्रक में लोड कराकर मुस्लिम पाड़ा, वर्धमान, पश्चिम बंगाल में डिलीवरी करने के लिए भेजा।
चालक ने माल डिलीवर कर व्यापारी से बात कराई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। व्यापारी ने चालक के उसी दिन निकल जाने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने सुनवाई नहीं की। उन्होंने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया। इंस्पेक्टर सिकंदरा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चालक और ट्रक का पता लगाया जा रहा है।