ट्रक ने जुगाड़ गाड़ी ने मारी टक्कर, मजदूर की मौत
- दो साथी हुए घायल, गणेशपुर के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। गांव गणेशपुर के पास एक रविवार की सुबह मजदूरों को ले जा रही जुगाड़ गाड़ी में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला गुरबख्श निवासी अनुज कुमार (17) दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। रविवार की सुबह वह जुगाड़ वाहन में अपने पांच अन्य साथियों के साथ मजदूरी के लिए जा रहा था। गाड़ी जब थाना एलाऊ क्षेत्र में गांव गणेशपुर के पास पहुंची। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने जुगाड़ में टक्कर मार दी। हादसे में अनुज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं साथी राजू सहित दो लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। वहीं घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बारे में जानकारी मिलने के बाद मृतक के रोते बिलखते परिजन मोर्चरी पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने अनुज का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया।