वृंदावन (मथुरा)। बारिश के कारण जगह-जगह श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रंगभरनी एकादशी के ऐन मौके पर आई बारिश ने वृंदावन में निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। चौराहे-चौराहे पर बारिश का पानी कई-कई फुट तक भरा रहा। जिसके चलते कई जगह पर श्रद्धालु कीचड़ और गंदे पानी से निकले, साथ ही उसमें गिर भी गए।
निगम का दावा था कि स्वच्छता सर्वेक्षण तक वृंदावन में सफाई तथा सीवरेज सिस्टम को दुरुस्त कर दिया गया है लेकिन रंगभरनी एकादशी से पूर्व ही आई बारिश ने निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। विद्यापीठ चौराहा, हरि निकुंज चौराहा तथा सब्जी मंडी तथा अन्य स्थानों पर कई-कई फुट बारिश का पानी घंटों भरा रहा किसी प्रकार से श्रद्धालु गंदे पानी से होकर निकले।
नाले-नालियों में गिरे श्रद्धालु
कई-कई फुट पानी भरने से श्रद्धालु नाले तथा नालियों में गिर गए। इसका कारण श्रद्धालुओं को पता ही नहीं चला कि कहां पर गड्डा है और कहां सड़क ठीक है। जिसके चलते हरिनिकुंज चौराहा ,विद्यापीठ चौराहे पर श्रद्धालु नाले तथा नाली में गिर भी पड़े।
बारिश के कारण भर गया सड़कों पर पानी
बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया लेकिन कुछ देर बाद ही यह निकल गया। हमने कुछ सफाईकर्मियों की टीमों को लगा रखा था। उनके द्वारा ऐसे स्थानों से पानी निकालने का काम भी किया है।
- सतेंद्र तिवारी, सहायक नगर आयुक्त