05एमएनपी-40-कलक्ट्रेट पर उप मुख्यमंत्री से मिलने के लिए खड़े लोग
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर बृहस्पतिवार को प्रशासन अलर्ट रहा। सुरक्षा को लेकर कई थानों का फोर्स अधिकारियों के साथ मौजूद रहा। पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर उतरने के बाद डिप्टी सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उनके काफिले के साथ पुलिस की टीमें दौड़ती रहीं।
बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जिला योजना की बैठक में प्रतिभाग करने के लिए मैनपुरी आए थे। उनके आगमन व सुरक्षा तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था की थी। तय समय पर डिप्टी सीएम का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरा। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह और एसपी अजय कुमार ने स्वागत किया। पार्टी के नेता भी उनके साथ हो लिए।
सुरक्षा को लेकर सीएम के सुरक्षा बलों के साथ ही एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ सिटी अभय नरायण, सीओ कुरावली डीपी गौड़, सीओ भोगांव प्रयांक जैन, सीओ करहल अशोक कुमार लगातार काफिले के साथ साथ मौजूद रहे। करहल, बेवर, कोतवाली, दन्नाहार सहित अन्य थानों के प्रभारी भी सुरक्षा ड्यूटी में मुस्तैद रहे।
कलक्ट्रेट परिसर बना छावनी
डिप्टी सीएम की सुरक्षा को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। कलक्ट्रेट में वाहनों व बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक रही। सभी प्रवेश द्वार पर पुलिस तैनात रही। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए टीआई देवेंद्र शंकर लगातार कर्मियों को निर्देशित करते रहे। डिप्टी सीएम के आगमन से पूर्व ही गोला बाजार से पुलिस लाइन आने वाले रास्ते पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर दी गई। डिप्टी सीएम का काफिला निकलने के बाद यातायात सुचारू किया गया। वहीं जेल चौराहा और भोगांव की ओर से कलक्ट्रेट की ओर जाने वाले वाहनों को भी कुछ देर के लिए रोका गया।