आगरा। एत्माद्दौला क्षेत्र में बुधवार रात को घर के बाहर से चार साल की बच्ची को तीन युवक मुंह दबाकर उठाकर ले गए।
पुलिस और परिजन तलाश में जुट गए। कुछ देर बाद एक युवक पकड़ा गया। उससे पूछताछ के बाद बच्ची को नुनिहाई क्षेत्र में बरामद कर लिया गया। दो युवक भी पकड़े गए।?युवकों ने बच्ची को गड्ढे में जिंदा दफनाने की कोशिश की थी।?
बुधवार रात को करीब नौ बजे हल्की बारिश हो रही थी। चार साल की बच्ची घर के गेट के पास टब में नहा रही थी। इसी दौरान एक युवक आया और उसे उठाकर ले गया। परिजनों को कुछ देर बाद पता चला। उन्होंने 112 पर कॉल किया। पुलिस पहुंच गई। मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरा लगा है। पुलिस ने फुटेज चेक की। उसमें एक युवक बच्ची के पास आता नजर आया। बाद में दो युवक और आ जाते हैं। वह बच्ची को उठाकर ले जाते हैं।
नुनिहाई क्षेत्र में ऊषा मार्टिन फैक्टरी के पास एक एक आरोपी को पकड़ लिया गया। उससे पूछताछ की। उसने बताया कि बच्ची को गड्ढे में फेंक दिया है। इस पर लोग उसके बताए गड्ढे के पास पहुंच गए। बच्ची को उससे बाहर निकाला। वह बेहोशी की हालत में थी। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था।
सूचना पर सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचीं। युवक से पूछताछ के बाद पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया। सभी आरोपी नशे में थे। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
थाना एत्माद्दौला के प्रभारी प्रभु दयाल ने बताया कि आरोपी युवक बच्ची को घर के बाहर से अगवा कर ले गए थे। मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बच्ची को बदनीयती से उठाया था। समय रहते बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया है। सभी नशे में हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो