बिचपुरी। आगरा-बयाना रेलवे लाइन किनारे सरकारी भूमि पर दिनदहाड़े पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर जांच की गई।
यह घटना बिचपुरी क्षेत्र के नानपुर मोड़ के पास उस स्थान की है, जहां आगरा-बयाना रेल लाइन और निर्माणाधीन कीठम-भांडई बाईपास लाइन एक-दूसरे को क्रॉस करती हैं। गांव सहारा निवासी सुरेंद्र सोलंकी और बॉबी ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे करीब एक दर्जन लोग मशीनों से यूकेलिप्टस के हरे पेड़ों की डालियां काटते रहे। कटान के बाद लकड़ी को मैक्स पिकअप में भरकर ले जाया गया। ग्रामीणों के अनुसार जिस स्थान पर कटान हुई, वह रेलवे विभाग की भूमि है। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े लंबे समय तक कटान होती रही, लेकिन जिम्मेदार विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। बृहस्पतिवार को वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। वहीं, बाईंपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कृपाशंकर ने बताया है कि छह पेड़ों की ऊपरी डालियां काटी गई हैं, हालांकि पेड़ अभी सुरक्षित स्थिति में हैं। प्राथमिक जांच में यह कार्य रेलवे विभाग द्वारा कराया जाना सामने आया है। विभाग की ओर से अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। यदि जांच में बिना अनुमति पेड़ों की छंटाई की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।