बिचपुरी। आगरा-बयाना रेलवे लाइन किनारे सरकारी भूमि पर दिनदहाड़े पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। घटना नानपुर मोड़ के पास की है, जहां निर्माणाधीन कीठम-भांडई बाईपास लाइन आगरा-बयाना रेलवे ट्रैक को क्रॉस करती है।
गांव सहारा निवासी सुरेंद्र सोलंकी और बॉबी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक दर्जन से अधिक लोग मशीनों से यूकेलिप्टस के हरे पेड़ों की डालियां काटते रहे और लकड़ी को मैक्स पिकअप में भरकर ले गए। ग्रामीणों का दावा है कि कटान रेलवे भूमि पर हुआ है। बृहस्पतिवार को वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। बाईंपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कृपाशंकर ने बताया है कि छह पेड़ों की ऊपरी डालियां काटी गई हैं, पेड़ सुरक्षित हैं। वाहन का नंबर चिह्नित कर स्वामी का विवरण आरटीओ से मांगा गया है, नोटिस जारी किया जाएगा। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह कार्य रेलवे विभाग की ओर से कराया गया है। विभाग द्वारा अनुमति संबंधी दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। अनियमितता मिलने पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।